अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में झांसी-ललितपुर सीट से जीत हासिल करने वाले भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा चुनावी खर्च के मामले में भी सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने दूसरे स्थान पर रहे इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य से 21 लाख रुपये से अधिक खर्च किए। जबकि, सबसे कम खर्च निर्दलीय लखनलाल ने महज 17,210 रुपये किए। सभी प्रत्याशियों के चुनावी व्यय का अंतिम लेखा-जोखा निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है।
इस बार लोकसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा उम्मीदवारों के खर्च की सीमा 90 लाख रुपये निर्धारित की गई थी। चुनाव संपन्न होने के बाद लेखा समाधान बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें प्रत्याशियों से उनके द्वारा किए गए खर्च का लेखा-जोखा लिया गया। इसमें सामने आया है कि चुनाव में जीत हासिल करने वाले भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने 66,91,544 रुपये खर्च किए। जबकि, इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन आदित्य ने अपने चुनाव में 45,61,291 रुपये खर्च किए। बसपा प्रत्याशी रविप्रकाश ने 13,09,098 रुपये खर्च किए।
खर्च के मामले में चौथे स्थान पर अपना दल (कमेरावादी) के चंदन सिंह रहे। उन्होंने चुनाव में 1,55,066 रुपये खर्च किए। इसके बाद 69,194 रुपये निर्दलीय रमेश ने खर्च किए। निर्दलीय इंद्र सिंह का चुनावी व्यय 53,950 रुपये आया। जबकि, अल हिंद पार्टी के इं. दीपक कुमार वर्मा का चुनावी व्यय 37,069 रहा। इसके अलावा निर्दलीय धर्मेंद्र प्रताप ने 48,804 रुपये और गनेशराम ने 19,598 रुपये खर्च कर चुनाव लड़ा। चुनाव में सबसे कम खर्च 17,210 रुपये निर्दलीय लखनलाल ने किए।
0000000
फोटो
लोकसभा चुनाव के सभी उम्मीदवारों से व्यय का लेखा-जोखा ले लिया गया है, जो निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है। इसे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जा रहा है। - अनिल कुमार मिश्रा, मुख्य कोषाधिकारी