आंतिया तालाब को पिकनिक स्पॉट बनाने का काम शुरू।
- फोटो : REPORTERS
झांसी। महानगर के आंतिया तालाब की सूरत बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर निगम अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने भूमि पूजन कर काम की शुरुआत की। इसके साथ ही पार्किंग एरिया को विकसित करने का काम किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी के तहत महानगर के आंतिया तालाब को विकसित करने और सुंदर बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाया गया था। जिसके जरिए आतियां तालाब को पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित किया जाना था। टेंडर प्रक्रिया के बाद लैंडमार्क विक्ट्रीवन ज्वाइंट वेंचर कंपनी को निर्माण कार्य का जिम्मा सौंपा गया है। आतियां तालाब पर आधुनिक प्रवेश द्वार, पब्लिक रेस्टोरेंट, फ्लोटिंग कैफे टेरिया, साइकिल और स्केटिंग ट्रैक, लैंडस्कैपिंग, विकसित पार्क, इनफोरमेशन कियोस्क, बोटिंग क्लब और सिक्योरिटी सर्विलेंस सिस्टम के साथ 6 -7 पार्किंग विकसित की जाएंगी। साथ ही तालाब के बीच में आईलैंड व्यू प्वाइंट, सेल्फ ी प्वाइंट और झांसी के इतिहास की चित्रकारी की जाएगी। कार्यदायी संस्था को नौ महीने में निर्माण कार्य पूरा करना है। स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि कंपनी को वर्कऑर्डर जारी हो गया है। काम शुरू कर दिया गया है।