झांसी। आकस्मिक स्थिति में गर्भवती महिलाओं की कोरोना जांच करने के लिए जिला महिला अस्पताल को सीएमओ ने पचास एंटीजन किट मुहैया करा दी हैं। अस्पताल के स्टाफ को प्रशिक्षण देने के बाद शनिवार से जांच शुरू कर दी जाएगी।
कोरोना जांच के लिए अस्पताल परिसर में सीएमओ द्वारा दोपहर दो बजे तक कैंप आयोजित किया जाता है। लेकिन दोपहर के बाद कोरोना की जांच की कोई सुविधा नहीं है, जिसके चलते अस्पताल में प्रसव पीडा के समय आने वाली महिलाओं की करोना जांच नहीं होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित कर दिया जाता है। लेकिन अब सीएमओ द्वारा महिला अस्पताल को पचास एंटीजन किट मुहैया कराई गई हैं जिसके चलते अब हर समय अस्पताल में कोरोना जांच की जा सकेगी।
इस संबंध में अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीके दीक्षित ने बताया कि सीएमओ से एंटीजन किट की मांग की गई थी। फिलहाल पचास किट उपल्ब्ध करा दी गईं हैं। स्टाफ को प्रशिक्षण देने के बाद जांच को शुरू कर दिया जाएगा।