संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने के लिए स्पेशल एजुकेटर की नियुक्ति न करने पर शासन ने बीएसए से जवाब तलब किया है। जिले में स्वीकृत 12 पदों के मुकाबले चार स्पेशल एजुकेटर ही तैनात हैं। वहीं अफसरों का कहना है कि स्पेशल एजुकेटर की नियुक्ति के लिए कई बार विज्ञापन निकालने के बाद भी आवेदन नहीं मिल रहे हैं।
समग्र शिक्षा अभियान और पीएमश्री योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने के लिए स्पेशल एजुकेटर नियुक्त किए जाने थे। इसके लिए शासन द्वारा निर्देश भी जारी किए गए थे। झांसी में 12 स्पेशल एजुकेटर नियुक्त करने थे। विभाग ने स्पेशल एजुकेटरों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला तो सात आवेदन मिले। साक्षात्कार में केवल छह अभ्यर्थी ही शामिल हुए। वहीं तैनाती के बाद छह में से दो स्पेशल एजुकेटर ने त्याग पत्र दे दिया। मौजूदा समय में विभाग में चार स्पेशल एजुकेटर तैनात हैं।
अफसरों का कहना है कि स्पेशल एजुकेटरों के नियुक्ति को लेकर हर बार विज्ञापन जारी होता है, लेकिन आवेदन नहीं मिल पाते। पिछले दिनों शासन स्तर पर हुई की समीक्षा बैठक में झांसी में स्पेशल एजुकेटरों की नियुक्ति न होने पर वरिष्ठ अफसरों ने नाराजगी जाहिर की। साथ ही बीएसए से जवाब तलब किया है।
वर्जन
स्पेशल एजुकेटर के लिए सिर्फ 7 ही आवेदन आए थे। इनमें से दो ने ज्वाइन करने के बाद त्यागपत्र दे दिया। एक आवेदक तो साक्षात्कार में आया ही नहीं था। शासन को स्थिति से अवगत कराया जाएगा। - नीलम यादव, बीएसए