अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को एक और ऑटो रैफ्रैक्टो मीटर मशीन लग गई है। इससे रोगियों को चश्मा का नंबर पता करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में एक साल में 1.25 लाख से ज्यादा आंख के रोगी आते हैं। इनमें से 16 हजार से ज्यादा रोगियों का ऑपरेशन होता है। दो ऑटो रैफ्रैक्टो मीटर मशीन लगी हुई हैं मगर रोगियों की संख्या ज्यादा होने की वजह से लंबा इंतजार करना पड़ता है। अब जिला अस्पताल में अत्याधुनिक एक और मशीन लगाई गई है। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. विनोद यादव ने बताया कि रोजाना ओपीडी में 500 से ज्यादा रोगी उपचार के लिए आ रहे हैं। 100 से ज्यादा रोगियों की आंखों का ऑपरेशन हो रहा है। वहीं, एसआईसी डॉ. प्रमोद कटियार ने बताया कि यह मशीन लगने से चश्मा के नंबर की सटीक जानकारी होने में काफी मदद मिलेगी और जांच का इंतजार भी कम होगा।