अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीडा से मुआवजे में मिले पैसों को लेकर रोजाना पारिवारिक विवाद के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामले में पुनावली कला निवासी युवक के साथ उसकी पत्नी ने पैसों में हिस्सेदारी न देने की वजह से रहने से इन्कार कर दिया। पत्नी का आरोप है कि पति बीडा से मिले मुआवजे में उसे हिस्सा नहीं दे रहा, जबकि पति का कहना है कि पत्नी अपने पिता के लिए पैसा मांग रही है। शुक्रवार को पति ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई।
पुनावली कला निवासी दौलतराम ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि पिता की जमीन बीडा में जाने से 35 लाख का मुआवजा मिला। इसके बाद से परिवार में विवाद शुरू हो गया। पत्नी करीब डेढ़ साल से मायके में है। उसके ससुराल के लोग भी बीडा में मिले पैसों में हिस्सा मांग रहे हैं। पत्नी का पिता पांच लाख रुपये समेत एक मकान देने की बात कह रहा है। उसके इन्कार करने पर पत्नी भी साथ आकर रहने को राजी नहीं है। कई बार वह बुलाने जा चुका, लेकिन पत्नी नहीं आ रही है। इस वजह से अपनी बेटी से भी नहीं मिल पा रहा है। पिछली बार ससुराल जाने पर उसके साथ मारपीट की गई थी।