अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गुरसराय के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं पूर्व एडीजीसी भान प्रकाश सिरवारिया की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके पड़ोस में रहने वाले सचिन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। सचिन पर दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट का केस चल रहा है। सचिन की पैरवी अधिवक्ता भान प्रकाश करते थे। पुलिस का कहना है कि उनकी लचर पैरवी की वजह से अगले महीने सचिन को सजा होने वाली थी। इससे वह नाराज था। पुलिस का दावा है इसी वजह से उसने घर में घुसकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष का गला घोंट दिया।
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि मंगलवार को थाना नवाबाद के तालपुरा मोहल्ला निवासी भान प्रकाश की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव सीढि़यों के पास से बरामद हुआ। दामाद जितेंद्र वर्मा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन कराई गई। हत्या के सुराग मकान के भीतर ही होने का शक था। पुलिस ने वहां रहने वाले किराएदार समेत परिजन की मोबाइल की सीडीआर निकालीं। उनसे पूछताछ हुई लेकिन पुलिस को सुराग नहीं मिला। इसके बाद मोहल्ले से सुराग जुटाए गए। भान प्रकाश के पड़ोस में रहने वाले सचिन वर्मा को तलाशा गया। दो दिन बाद वह पुलिस के हाथ आया।
एसएसपी के मुताबिक कुछ देर की पूछताछ में सचिन टूट गया। उसने बताया कि उसके खिलाफ वर्ष 2021 में नवाबाद थाने में नाबालिग से दुष्कर्म समेत पॉस्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पड़ोसी होने के नाते उसने भान प्रकाश से पैरवी कराई। कुछ समय बाद भान प्रकाश ने उसकी पैरवी में दिलचस्पी लेना बंद कर दिया, जबकि वह उनको लगातार फीस दे रहा था। फीस की एवज में भान प्रकाश ने उसकी बाइक भी गिरवी रख ली। मजबूत पैरवी न होने से उसे 19 सितंबर को सजा होने की आशंका हुई। इसी वजह से भान प्रकाश से उसने रंजिश बांध ली।
रेलिंग फांदकर घर में घुसा था हत्यारोपी
लोहे के दरवाजे में अंदर से ताला बंद होने से पुलिस की छानबीन मकान के अंदर ही सिमटी थी। मकान में परिवार समेत दो किराएदार एवं भान प्रकाश का परिवार रहता है। गेट के अंदर से बंद होने से पुलिस को आशंका थी कि अंदर रहने वाले ने ही वारदात को अंजाम दिया। इस वजह से पुलिस ने डेढ़ दर्जन से अधिक मोबाइल सीडीआर निकाले। उनकी छानबीन कराई गई। भान प्रकाश की सीडीआर निकालने पर मालूम चला कि उन्होंने आखिरी बार अपने मुंशी से बात की। हालांकि भान प्रकाश के मोबाइल में कई संदिग्ध वीडियो एवं वीडियो कॉल का होना भी पाया गया। पुलिस ने इस दिशा में भी छानबीन की, लेकिन हत्या से उनका कोई संबंध नहीं निकला। इसके बाद पुलिस ने आसपास घरों की छानबीन शुरू कराई। एसएसपी के मुताबिक सचिन ने बताया भान प्रकाश के घर में वह अपनी छत की रेलिंग पार करके घुसा था। रेलिंग पार करके पहले किचन में पहुंचा। इसके बाद भान प्रकाश का गला घोंटकर अपने घर में भाग गया।