अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार थाने के पाल कॉलोनी निवासी बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। वह पैदल ही घर लौट रहे थे। कार की तेज टक्कर लगने से करीब 10 फुट दूर जा गिरे। गंभीर हाल में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शनिवार को उनकी मौत हो गई। अब इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पाल कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश (72) पुत्र सोरन परिवार के साथ किराये के मकान में रहते थे। परिजनों ने बताया कि वह गन्ने के रस की दुकान चलाते थे। डिस्पोजल गिलास खत्म होने पर बेटे नौबत के साथ गिलास लेने दुकान गए थे। बेटे नौबत को गिलास दिलाकर उसे अपनी दुकान पर भेज दिया जबकि खुद पैदल घर की ओर जाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओमप्रकाश सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। उसी दौरान ग्वालियर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार उन्हें टक्कर मारते हुए भाग निकली। परिजन के पहुंचने पर वह सड़क किनारे लहूलुहान हाल में मिले। सीसीटीवी कैमरे में भी कार ओम प्रकाश को टक्कर मारती दिख रही है। सीओ सिटी स्नेहा तिवारी के मुताबिक, कार बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ विविध कार्रवाई की जा रही है।