allert in bundelkhand ocation of republic day
झांसी। गणतंत्र दिवस के चलते बुंदेलखंड में अलर्ट कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व धार्मिक स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। इन स्थानों पर चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रमों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के चलते शासन ने अलर्ट की घोषणा की है। इसको लेकर झांसी के साथ-साथ ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट समेत अन्य जिलों में हाई अलर्ट कर दिया है। सभी क्षेत्राधिकारी व थानेदारों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने अपने क्षेत्र में प्रतिदिन चेकिंग अभियान चलाएं। संदिग्ध व्यक्तियों व वाहन की तलाशी लेंगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर खासतौर से चेकिंग कराएंगे। बिना चेकिंग के किसी को भी बाहर नहीं निकलने देंगे। कोई संदिग्ध मिलता है तो इसकी सूचना अफसरों को दी जाएगी। धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। यहां सादे कपड़ों में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
बाहरी लोगों पर भी नजर
महानगर में आने वाले बाहरी लोगों पर भी पुलिस की नजर है। शहर में रहने वाले किरायेदारों की अधिकांश जानकारियां भी पुलिस ने जुटा ली हैं।
पुलिस अधिकारियों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। 26 जनवरी तक पुलिस लगातार होटल, ढाबों, धर्मशालाओं के साथ शहर के बाहरी इलाकों में छानबीन करेगी। चेकिंग के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।
सुभाष सिंह बघेल, आईजी