- अस्पताल प्रबंधन ने कहा - तीन साल से अस्पताल में नहीं आई दवा
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिला अस्पताल में आंखों का इलाज कराने 29 जून को आए मरीज ने एक्सपायरी डेट की आई ड्रॉप देने का आरोप लगाया है। उधर, मामले की जांच की गई तो पता चला कि यह दवा जिला अस्पताल में तीन साल से आई ही नहीं है।
शनिवार को नई बस्ती के 62 वर्षीय अयोध्या प्रसाद आंखों में जलन की शिकायत लेकर जिला अस्पताल की ओपीडी पहुंचे थे। चिकित्सक ने उनकी आंखों की जांच कर आई ड्रॉप लिखा। अयोध्या प्रसाद ने बताया, जिला अस्पताल की खिड़की से आई ड्रॉप लेकर वह घर पहुंचे तो उन्होंने बेटे से आंखों में दवा डालने की बात कही। बेटे सौरभ ने आई ड्रॉप डालने से पहले उसकी एक्सपायरी तारीख देखी तो पता चला कि वह जुलाई 2021 में एक्सपायर हो चुकी है। सोमवार को अयोध्या प्रसाद ने जिला अस्पताल में लिखित शिकायत की।
मंडलीय प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुमार कटियार ने बताया कि मरीज जो दवा जिला अस्पताल की बता रहा है, वह दवा अस्पताल में साल 2021 के बाद आई ही नहीं है। दवा पर जो बैच नंबर है, वह भी मेल नहीं खा रहा है।