अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अक्षय तृतीया को लेकर बाजार एक बार फिर गुलजार है। अबूझ मुहूर्त तिथि होने से अक्षय तृतीया पर सोना और नई वस्तुओं की खरीद शुभ मानी जाती है। त्योहार को लेकर सराफा कारोबार में काफी रौनक है। सराफा कारोबारी ग्राहकों को तमाम तरह के ऑफर दे रहे हैं। कोई आभूषण बनवाने पर 20 फीसदी की छूट दे रहा है तो कोई सोना-चांदी खरीदने पर उपहार दे रहा है। सराफा व्यापारियों को इस त्योहार से 150 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं रियल एस्टेट और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी बूम है।
बुंदेलखंड में अक्षय तृतीया का बड़ा महत्व है। अबूझ मुहूर्त तिथि होने से समस्त शुभ कार्य किए जाते हैं। नए कार्य का शुभारंभ करना भी विशेष लाभदायक होता है। त्योहार को लेकर बाजार भी तैयार हो गया है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि अक्षय तृतीया पर शादी समारोह होने के चलते लोग एंटीक आभूषण ज्यादा पसंद करते हैं। इसके साथ ही अब बाजार में सोने-चांदी के अलावा हीरा खरीदने के प्रति लोगों में क्रेज बढ़ा है। कारोबारियों ने अक्षय तृतीया को लेकर तमाम ऑफर निकाले हैं।
वहीं अक्षय तृतीया पर लोग फ्लैट, दुकान और जमीनों की भी खरीद करते हैं। इसके चलते रियल एस्टेट कारोबार में भी इन दिनों काफी चहल-पहल है। लोगों ने फ्लैट, दुकान और जमीनों की बुकिंग शुरू करा दी है। इसके अलावा बाइक और कारों की भी बुकिंग तेज हो चली है। लोग अक्षय तृतीया पर वाहनों की डिलीवरी लेंगे।
-
रोहिणी और मृगशिरा नक्षत्र रहेगा
अक्षय तृतीया पर्व शुक्रवार को रोहिणी एवं मृगशिरा नक्षत्र में मनाया जाएगा। आचार्य सुबोध शास्त्री के अनुसार शुक्रवार को रोहिणी नक्षत्र सुबह 10:47 बजे तक रहेगा। इसके पश्चात मृगशिरा नक्षत्र शुरू होगा। पर्व पर सुकर्मा योग भी सुख-समृद्धि प्रदान करेगा।
कहते हैं कारोबारी
अक्षय तृतीया को लेकर बाजार में रौनक है। लोग आभूषणों की बुकिंग करवा रहे हैं। ग्राहकों को छूट भी दे रहे हैं। - लखन लाल अग्रवाल, सराफा कारोबारी
-
सोने और चांदी के आभूषणों की अक्षय तृतीया पर खूब बिक्री होती है। इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है। - नीलेश सोनी, सराफा कारोबारी
अक्षय तृतीया पर इस बार 150 करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। हम ग्राहकों को आभूषण मेकिंग चार्ज में छूट दे रहे हैं। - अंकुर अग्रवाल, सराफा कारोबारी
-
लोग अक्षय तृतीया पर साेना खरीदना शुभ मानते हैं। हमारे यहां लोग एंटीक ज्वैलरी काफी पसंद कर रहे हैं। - आकाश अग्रवाल, सराफा कारोबारी
-
फ्लैट और प्लॉट की बुकिंग चल रही है। अधिकांश लोग अक्षय तृतीया पर गृह प्रवेश करेंगे। - आदिल आजाद, रियल एस्टेट कारोबारी
अक्षय तृतीया को लेकर फ्लैट की लोग बुकिंग करा रहे हैं। त्योहार पर बड़ी संख्या में बैनामे होने की उम्मीद है। - मयंक गर्ग, रियल एस्टेट कारोबारी
-
कारों की बुकिंग भी चल रही है। कई लोग त्योहार पर कार की डिलीवरी भी लेंगे। इसकी तैयारी कर ली गई है। - विकास राय, ऑटोमोबाइल्स कारोबारी
-
बाइक और कारों की अक्षय तृतीया पर डिलीवरी लेने के लिए लोगों ने संपर्क करना शुरू कर दिया है। ऑफर भी दिए जा रहे हैं। - पवित्र खन्ना, ऑटोमोबाइल्स कारोबारी