झांसी। वायु प्रदूषण पर जागरूकता पैदा करने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में वायु प्रदूषण इनडेक्स बोर्ड लगाया गया है, जिसका उद्घाटन एक जनवरी को होगा। यह वायु गुणवत्ता सूचकांक वायुमंडल में मौजूद विभिन्न प्रदूषकों के स्तर के आधार पर हमारे आसपास क्षेत्र में हवा की समग्र गुणवत्ता का संकेत देता है।
यात्रियों को हवा की गुणवत्ता को दर्शाने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में आरक्षण कार्यालय के पास एयर क्वालिटी इनडेक्स डिस्प्ले यूनिट स्थापित की गई है। यह डिस्प्ले वायुमंडल में उपस्थित आर्द्रता, तापमान, वायुमंडल में 10 माइक्रोमीटर से छोटे कणों को नापने के लिए पीएम (पार्टीकुलेट मेटर)10 व 2.5 माइक्रोमीटर से छोटे कणों को प्रदर्शित करने के लिए पीएम (पार्टीकुलेट मेटर) 2.5 लगाया गया है। कार्बन मोनो ऑक्साइड, सल्फर डाई ऑक्साइड एवं ग्राउंड लेवल ओजोन की गणना के आधार पर एयर क्वालिटी इनडेक्स प्रदर्शित करता है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आसपास के वातावरण के इन महत्वपूर्ण मापदंडों को दिखाने के अलावा इस एलईडी स्क्रीन पर पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक कचरे में कमी, पानी और बिजली के संरक्षण आदि के स्लोगन भी दर्शाए जाएंगे।