झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही सीनियर नेशनल पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में शनिवार को हुए दोनों सेमीफाइनल मैच रोमांचक रहे। एयर इंडिया के मोहम्मद राहिल मोहसिन ने शानदार प्रदर्शन कर हैट्रिक सहित चार गोल कर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया। जबकि स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने पंजाब एंड सिंध बैंक को हराया। खिताबी मुकाबला रविवार को सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड व एयर इंडिया के मध्य दोपहर 3 बजे से होगा।
शनिवार को एस्ट्रोटर्फ पर हुए पहले सेमीफाइनल मैच में स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने पंजाब एंड सिंध बैंक को 2 - 0 से हराया। सर्विस की ओर से जुगराज सिंह ने 26 वें मिनट में और अंजिक्य जाधव ने 55 वें मिनट में गोल दागा। दूसरे सेमीफाइनल मैच में एयर इंडिया ने पेट्रोलियम स्पोर्ट्स बोर्ड को 5 - 3 से हराया। विजेता टीम के मोहम्मद राहिल मोहसिन ने हैट्रिक के साथ 25 वें, 41 वें, 44 वें और 56 मिनट में दनादन चार गोल कर अपनी टीम को शानदार बढ़त दिलाई। फराज मोहम्मद ने 35 वें मिनट में एक गोल किया। वहीं पेट्रोलियम की ओर से दीवाकर राम ने 6 वे, अरमान कुरैशी ने 7 वे और तलविंदर सिंह ने 59 वें मिनट में एक - एक गोल किया।
अंपायरों में सुमित पाल, मल्कियत सिंह, जावेद शेख, तारिक, अमित शर्मा, सौरभ राजपूत, सुरेश कुमार, संजीव कुमार, मोहित रावत, राजेश चौधरी, फहीम खान, दिग्विजय नाईक, पीएल मोरगप्पन, टूर्नामेंट डायरेक्टर एचएस सोखी, टूर्नामेंट मैनेजर जीएस सांगा रहे। इससे पहले अतिथियों में लेफ्टिनेंट कर्नल एसएस कुंतल, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, जेल अधीक्षक राजीव शुक्ला, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स बोर्ड के सचिव आरिफ अख्तर, हॉकी इंडिया के महासचिव डा. आरपी सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। वहीं प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए पंजाब एंड सिंध बैंक व पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के बीच मैच दोपहर 1 बजे से होंगे।
भारतीय हॉकी टीम विदेशों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। सरकार भी खिलाड़ियों को व्यापक सुविधाएं दे रही है। झांसी में आकर बहुत अच्छा लगा है।
मंदीप अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी
हॉकी हमारा पुराना खेल है। इसमें पिछले कुछ सालों में परिवर्तन हुआ है। मेजर ध्यानचंद की हमने क ई कहानियां सुनी थी। उनकी भूमि पर आकर अच्छा महसूस कर रहा हूं।
भरत चिकारा अंतराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी