अगले महीने तक बाजारों में होगी होम टेस्टिंग किट
झांसी। कोरोना संक्रमण की जांच करने के लिए अब लोगों को अस्पताल की लंबी कतारों में लगने से निजात मिलेगी। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने होम टेस्टिंग किट को मंजूरी दे दी है। जिसकी सहायता से घर बैठे ही कोरोना की जांच की जा सकेगी। अगले महीने तक किट बाजारों में आने की संभावना है। इसकी कीमत 200 से 300 के बीच होगी।
किट के माध्यम से घर में जांच के लिए आपको मोबाइल में एक एप को इंस्टाल करना होगा। किट को खरीदते समय एप के माध्यम से स्कैन करना होगा। स्कैन के बाद ही किट को खरीदने की अनुमति मिल सकेगी। कोरोना की जांच में भी एप की भी भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। एप ओपन करते ही मांगी गई जानकारी को भरना होगा। जांच करने के बाद एप के माध्यम से ही स्ट्रिप का फोटो लेना होगा। यह पूरी जानकारी एक सुरक्षित सर्वर में सेव रहेगा। जिसकी जानकारी एप के माध्यम से सरकारी नुमाईंदों को रहेगी। इस किट में एक ट्यूब, नाक से स्वैब लेने वाली स्टिक, एक टेस्टिंग कार्ड और बायोहैजर्ट बैग होगा। नेगेटिव व पॉजिटिव आने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंच जाएगी। किट को आईसीएमआर ने मंजूरी दे दी गई है।
इस संबंध में सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि कोविड-19 की जांच के लिए होम टेस्टिंग किट को आईसीएमआर की मंजूरी मिल गई है। सरकारी दिशा निर्देशों को पूरा करते हुए किट के माध्यम से घर में कोरोना की जांच की जा सकती है। अगले महीने तक बाजारों में आ जाएगी।