अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बूढ़ा गांव निवासी युवक ने अपने छोटे भाई से बच्चों की देखरेख करने की बात कहते हुए ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। परिवार के लोग के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन उसके सुसाइड की वजह नहीं बता सके।
थाना सीपरी बाजार के बूढ़ा गांव निवासी रमेश प्रजापति (47) प्राइवेट काम करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को रोजाना की तरह वह घर से निकला था। दोपहर करीब 2.15 बजे रमेश ने छोटे भाई अमित को फोन किया। अमित का कहना है कि फोन पर वह काफी उदास थे। रमेश ने कहा, मैं दुनिया छोड़कर जा रहा हूं। मेरे बच्चों का ख्याल रखना। उस समय ट्रेन की आवाज आ रही थी। कुछ देर बाद फोन कट गया। वह तुरंत गणेश चौराहा के पास पहुंचा। लोकेशन ट्रेस करते हुए ओवरब्रिज के नीचे पहुंचा। यहां भाई की लाश पड़ी थी। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों के मुताबिक रमेश ने पिछले साल ही बेटी नैना की शादी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।