झांसी। मंगलवार की भोर अंबाबाय इलाके में एक विवाहित महिला ने घर के पीछे बने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसने शव को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने आत्महत्या की वजह से अनभिज्ञता जताई है।
सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक अंबाबाय निवासी बालकृष्ण राजपूत की पुत्री श्वेता राजपूत (20) का विवाह 24 जून 2021 को ललितपुर के पाली गांव निवासी शैलेंद्र राजपूत से हुआ था। श्वेता बीकेडी में बीकाम (द्वितीय वर्ष) में पढ़ती थी जबकि उसका पति शैलेंद्र पलेरा स्थित एक महाविद्यालय में बीएससी (तृतीय वर्ष) का छात्र है। उसके ताऊ संतोष सिंह राजपूत के मुताबिक श्वेता करीब दस दिन पहले मायके आई थी। सोमवार रात सबके साथ खाना खाने के बाद वह छोटी बहन के साथ सोने के लिए कमरे में चली गई। भोर में उसके कमरे का दरवाजा खुला लेकिन, किसी ने ध्यान नहीं दिया। जब सुबह वह अपने बिस्तर पर नहीं दिखी तब उसकी तलाश शुरू हुई। बिस्तर पर श्वेता ने पायल आदि पहले ही उतारकर रख दिया था। संतोष ने जब कुएं के पास देखा तब वहां श्वेता का दुपट्टा पड़ा था। तत्काल कुएं में जाल डाला गया। जाल से शव को बाहर निकाला गया। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस में पति शैलेंद्र समेत ससुरालजन भी पहुंच गए लेकिन, उसकी मौत की वजह उनमें से भी कोई नहीं बता सका। पुलिस ने ताऊ संतोष से पूछताछ की लेकिन, उन्होंने भी घटना की वजह से अनभिज्ञता जताई। देर-शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।