मऊरानीपुर। नगर के मुहल्ला पुरानी मऊ शिवगंज से एक सप्ताह पहले लापता हुए सात वर्षीय बालक का शव बृहस्पतिवार को सुखनई नदी किनारे स्थित एक खंडहर में पड़ा हुआ मिला है। बालक की सिर को पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई है। शव मिलने की खबर से मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए तथा आक्रोशित भीड़ ने बाजार बंद करवा कर चक्का जाम कर दिया। नारेबाजी करके लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हत्या का कारण अब तक अज्ञात है। मृतक बालक मजदूर का पुत्र है।
जानकारी के अनुसार मुहल्ला पुरानी मऊ शिवगंज निवासी जितेंद्र श्रीवास दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है, उसकी पत्नी व सात वर्षीय पुत्र लोकेश मऊरानीपुर में रह रहे थे। लगभग एक सप्ताह पूर्व लोकेश घर के पास खेलते समय रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज करा दी गई थी। 14 जनवरी की सुबह लोकेश का शव सुखनई नदी के किनारे स्थित एक खंडहर में पड़ा हुआ मिला है, उसका सिर कुचला हुआ है। शरीर पर केवल चड्डी बनियान है।
क्षत-विक्षत शव को देखकर लगता है कि उसे पत्थरों से कुचल कर मारा गया है। घटना के विरोध में बाजार बंद करवाकर चक्का जाम कर दिया गया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने किसी तरह जाम खुलवाया। कोतवाली व पोस्टमार्टम हाउस पर भी भारी भीड़ जमा रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के अन्य थानों से पुलिस बल बुलाकर तैनात कर दिया गया। हत्या के संबंध में तरह -तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे तंत्र- मंत्र से जोड़कर बलि का मामला बता रहे हैं। अपर पुलिस अधीक्षक झांसी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।