झांसी। झांसी से दिल्ली जाने और आने के लिए प्रमुख ट्रेन ताज एक्सप्रेस का सोमवार से संचालन शुरू हो गया। करीब डेढ़ साल बाद चली ट्रेन से पहले ही दिन करीब तीन हजार यात्रियों ने यात्रा की। ट्रेन का संचालन होने से यात्रियों को खासी सहूलियत मिली है। वहीं रेलवे ने पहले ही दिन ट्रेन से पांच लाख रुपये की कमाई की।
दरअसल, झांसी से दिल्ली के लिए चलने वाली ताज एक्सप्रेस झांसी मंडल की प्रमुख ट्रेन मानी जाती है। पिछले साल कोरोना संक्रमण के चलते लगाए गए लॉकडाउन के दौरान रेलवे ने ट्रेन का संचालन बंद कर दिया था। इस ट्रेन से अधिकतर दिल्ली से झांसी और झांसी से दिल्ली और बीच के आगरा, ग्वालियर, मथुरा जैसे स्टेशनों के यात्री रोज अप डाउन करते हैं। सोमवार को ताज एक्सप्रेस नई दिल्ली से करीब 1249 यात्रियों को लेकर दोपहर को झांसी पहुंची। इसके बाद दोपहर को झांसी से दिल्ली के लिए 2086 यात्रियों ने सफर किया। ट्रेन का संचालन शुरू होने पर यात्रियों ने खुशी जताई।
कहते हैं यात्री
ताज एक्सप्रेस चलने का बेस्रबी से इंतजार था। यह ट्रेन सही समय पर दिल्ली पहुंचाती है। साथ ही चेयरकार होने से सफर आरामदायक होता है।- ज्योति, कैंट
---------------
मुझे अक्सर दिल्ली जाना होता है। अन्य ट्रेनों में बर्थ मिलती है, लेकिन समय ठीक न होने से दिक्कत होती है। ताज एक्सप्रेस चलने से काफी सहूलियत होगी। - मनीष, गुदरी