नवाबाद इलाके में युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवक ने उसे एक होटल में बुलाया। उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी से इसे न बताने की बात कहते हुए शादी करने का वादा किया। पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसे ब्लैकमेल कर रहा था। शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना नवाबाद क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती निवाड़ी के खिस्टोन गांव के अमोल उर्फ अनमोल से हुई थी। इंस्टाग्राम पर उसकी बनाई रील पर अनमोल कमेंट करता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच चैटिंग होने लगी। अनमोल ने जनवरी में उसे मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान अनमोल उसे लेकर एक होटल में गया। अनजाने में उसने नशीला पेय पिला दिया। होश में आने पर उसे दुष्कर्म का पता चला। आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी।
किसी को बताने पर वीडियो वायरल कर देने की धमकी दी। आरोप है कि इसके सहारे वह उसे बार-बार धमकाने लगा। रोज की हरकतों से परेशान होकर उसने नवाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी। इसके बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में बजरंग कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार, भवतोष कुमार आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।