झांसी। आपसी विवाद के बाद पड़ोसी ने पड़ोस में रहने वाले दवा कारोबारी पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया। आक्रामक कुत्ते ने कारोबारी को कई जगह काटने के साथ ही नोच कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। जख्मी हाल में परिजनों उनको लेकर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिकी उपचार कराने के बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पड़ोसी के खिलाफ कुत्ते से कटवाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मेहंदीबाग निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता दवा की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाला कल्लू यादव अपने दो पालतू कुत्तों को बिना पट्टे और सुरक्षा व्यवस्था के खुले में
छोड़ देता है। अक्सर ही दोनों कुत्ते मोहल्ले के लोगों को काट लेते हैं। आरोप है कि शनिवार को इसकी शिकायत करने पर आरोपी बिफर उठा। उसने अपने दोनों कुत्तों को उस पर छोड़ दिया। उसके उकसाने पर दोनों कुत्तों ने उसे दबोच लिया। उसके पांव में बुरी तरह से काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर परिवार के लोग आ गए। किसी तरह उन लोगों ने कृष्ण कुमार को उनके चंगुल से बचाया। जख्मी हाल में उनको जिला चिकित्सालय ले जाया गया। उनका कहना है कि पहले भी आरोपी अपने कुत्तों से उनके बेटे एवं पत्नी पर हमला करवा चुका। मोहल्ले वालों के विरोध करने पर भी आरोपी अपने कुत्तों को बांधकर नहीं रखता। इस वजह से पूरे मोहल्ले में उसका आंतक है। दवा कारोबारी ने मेडिकल पर्ची, सीसीटीवी फुटेज समेत घटनास्थल की फोटो और गवाह की जानकारी भी पुलिस को दी है। कोतवाल राजेश दुबे का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज करके सीसीटीवी की पड़ताल की जा रही है।