संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। थाना शाहजहांपुर क्षेत्र के ग्राम खजूरी में पुरानी रंजिश को लेकर डीजे लेकर पहुंचे युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने एक घर के सामने पहुंचकर तमंचों से फायरिंग भी की। वे तकरीबन आधे घंटे तक गांव में दहशत फैलाते रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम खजूरी निवासी सत्यपाल सिंह ने थाना पुलिस को तहरीर दी, जिसके जरिये बताया कि चार अक्तूबर की रात करीब 8:30 बजे गांव के ही कुछ लोग डीजे लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे। डीजे की आवाज सुनकर वह परिजनों के साथ बाहर निकले तो देखा कि कुछ युवकों के हाथों में तमंचे और अन्य के हाथों में लाठी-डंडे थे। आरोप है कि इसी दरम्यान धीरेंद्र, महेंद्र, कुंवर पाल, हरीमोहन और रवि ने एक राय होकर जान से मारने की नीयत से तमंचों से फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही सत्यपाल और उनके परिजन जान बचाने के लिए घर के अंदर भागे और दरवाजा बंद कर लिया। इससे गांव में दहशत फैल गई।
बताया गया कि आरोपी गांव में अलग-अलग स्थानों पर भी हवाई फायरिंग करते रहे। युवक बाइकों से घूमते हुए गाली-गलौज और उत्पात करते रहे। दहशत में ग्रामीण घरों में दुबके रहे। सत्यपाल ने तहरीर में बताया कि बृजमोहन उर्फ छोटू से उनका पुराना मुकदमा चल रहा है।
सूचना मिलने पर सीओ सुनील कुमार शर्मा और थानाध्यक्ष अतुल कुमार लखेरा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में गांव और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गईं हैं।