झांसी। जिले में लगातार नौवें दिन कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। पुरानी नझाई निवासी वकील दंपती कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उनका बेटा, बहू और नातिन नोएडा से पांच-छह दिन पहले ही लौटे थे। इसके बाद दंपती की तबीयत खराब हुई तो कोरोना की जांच कराई गई। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में दोनों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई। इसके अलावा बुंदेलखंड के चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, जालौन, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कोरोना के केस मिले हैं। बुंदेलखंड में 675 संक्रमित हो गए हैं।
बुंदेलखंड में भी कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। अब झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 68 पहुंच गई है। बताया गया कि वकील (63) को कुछ दिनों से खांसी, जुकाम और बुखार बना हुआ था। उनकी कोविड जांच कराई गई, जिसमें वायरस की पुष्टि हो गई। उनकी पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव आई हैं। दंपती के बेटे और बहू नोएडा में नौकरी करते हैं। कुछ दिन पहले ही वह झांसी आए थे। वहीं, चित्रकूट में भी कोरोना विस्फोट हुआ है। वहां एक साथ दस नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा हमीरपुर में पांच, टीकमगढ़ में तीन, निवाड़ी में दो, महोबा और जालौन में एक-एक मरीज मिले हैं। वहीं, बुंदेलखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 675 हो गई है।
बुंदेलखंड के लिए प्रवासी श्रमिक बड़ा खतरा
निवाड़ी में दोनों कोरोना पॉजिटिव मरीज बाहर से लौटे प्रवासी श्रमिक हैं। चूंकि, देश भर से अधिकतर प्रवासी श्रमिक बुंदेलखंड लौटे हैं। ऐसे में यह कोरोना संक्रमण फैलाने का बड़ा जरिए बन गए हैं। बुंदेलखंड में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों में एक बड़ी संख्या प्रवासी श्रमिकों की है।
जिला संक्रमित मौत
झांसी 68 9
ललितपुर 4 1
जालौन 81 4
हमीरपुर 24 0
महोबा 24 1
बांदा 26 0
चित्रकूट 75 2
सागर 242 12
छतरपुर 41 0
दतिया 21 1
टीकमगढ़ 19 1
पन्ना 21 0
दमोह 27 0
निवाड़ी 2 0