कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि महाविद्यालयों में अब जेईई मेन की रैंक के आधार पर दाखिला मिलेगा। यूपी कैटेट के अलावा छात्र जेईई मेन की रैंक से भी दाखिला ले सकेंगे। अभी सीएसए के अधीन इटावा जिले में संचालित कृषि इंजीनियरिंग, मत्स्य एवं डेरी कॉलेज में जेईई मेन की रैंक से दाखिला मिलेगा।
यूपी कैटेट के माध्यम से चार वर्षीय इंजीनियरिंग स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। दाखिला यूपी कैटेट की रैंकिंग से मिलेगा। लेकिन जिन अभ्यर्थियों ने जेईई मेन की परीक्षा उत्तीर्ण की है वह अपना पंजीकरण एकेटीयू के पोर्टल पर कराकर इटावा के इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक पाठ्यक्रम के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग व मैकेनिकल इंजीनियरिंग में दाखिला लेने के लिए काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून है। इटावा इंजीनियरिंग कॉलेज में पात्र विद्यार्थियों को शत प्रतिशत छात्रवृत्ति प्राप्त होती है। पिछले साल इटावा इंजीनियरिंग कॉलेज के मैकेनिकल के सभी छात्रों का प्लेसमेंट शतप्रतिशत हुआ। ब्यूरो