झांसी। नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों के किनारे अवैध रूप से बालू के भंडारण के मामले में प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर ध्वानी-चिरगांव क्षेत्र में डंप बालू का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया। कार्रवाई से अवैध भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
एडीएम (न्यायिक) एवं नोडल अधिकारी अरुण कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार, खनन निरीक्षक, लेखपाल, कानूनगो और सर्वेयर की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने हाईवे की सर्विस लेन के किनारे जमा बालू की नाप-जोख की और भंडारण से संबंधित अभिलेखों व दस्तावेजों की जांच की।
अधिकारियों के अनुसार जांच का दायरा केवल ध्वानी-चिरगांव तक सीमित नहीं रहेगा। जल्द ही चिरगांव-गुरसराय मार्ग, पूंछ रोड और जिले के अन्य चिन्हित स्थानों पर भी अवैध बालू भंडारण की जांच कराई जाएगी। जांच दल अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर अवैध रूप से बालू का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में जहां भी ऐसे मामले सामने आएंगे, उनकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। - अरुण कुमार, एडीएम (न्यायिक) एवं नोडल अधिकारी