झांसी। बंगरा ब्लॉक के शिक्षक मुकेश तिवारी को खंड शिक्षा अधिकारी की आख्या के आधार पर बीएसए द्वारा निलंबित किया गया था। लेकिन शिक्षक ने एडी के पास गुहार लगाकर निलंबन निरस्त कराने की मांग की थी। जिसके बाद इस मामले में एडी ने बीएसए को निलंबन निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जांच के आदेश भी दिए हैं।
शिक्षक चंद्रभान दुबे और मुकेश तिवारी के बीच पिछले 13 सालों से विवाद चल रहा है। शिक्षक मुकेश तिवारी पर कई अनियमितताओं के आरोप लगाए गए। इसमें बीएसए ने तीन सदस्यीय कमेटी के जरिए पूरे मामले की जांच कराई। जांच कमेटी ने शिकायतों को सही पाया। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने शिक्षक मुकेश तिवारी को 27 जनवरी को निलंबित कर दिया। लेकिन, शिक्षक मुकेश तिवारी ने एडी बेसिक से शिकायत करते हुए ज्ञापन दिया।
उन्होंने बिना सुनवाई का मौका दिए निलंबित कर दिए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद एडी ने बीएसए को शिक्षक का निलंबन आदेश निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही एडी ने मामले की दोबारा जांच कराने का भी आदेश दिया। बीएसए नीलम यादव ने बताया कि निलंबन निरस्त नहीं किया जाएगा, मामले की जांच एक बार फिर कराई जाएगी, शिक्षक का पक्ष भी सुना जाएगा। यदि खंड शिक्षा अधिकारियों ने जांच में कोई गड़बड़ी की है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।