संवाद न्यूज एजेंसी
दतिया। सोमवार को फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी और सोनू सूद दतिया पहुंचे। यहां उन्होंने पीतांबरा पीठ में मांग बगलामुखी के दर्शन और वनखंडेश्वर महादेव का अभिषेक किया। अभिनेताओं के पहुंचने की जानकारी मिलने पर मंदिर परिसर में खासी संख्या में लोग पहुंच गए। लोगों में सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।
फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी और सोनू सूद मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए रविवार को ग्वालियर पहुंचे थे।
शादी समारोह में शामिल होने के बाद सोमवार को वह सड़क मार्ग से दतिया पहुंच गए। पीतांबरा पीठ में वे तकरीबन एक घंटे तक रहे। इस दरम्यान उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर प्रसाद अर्पित किया। इसके वनखंडेश्वर महादेव का विधिवत अभिषेक किया। मंदिर प्रबंधन की ओर से दोनों अभिनेताओं के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी। अभिनेताओं के मंदिर पहुंचने की सूचना पर वहां लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। मंदिर के पुजारी भी उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए।