जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। खासतौर पर महानगर को ये तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। हालांकि, इसे नियंत्रित करने के लिए पिछले सप्ताह पूरे थाना को कोतवाली इलाके को बफर जोन घोषित कर दिया गया था। इसके अलावा नबाबाद और सीपरी थाने के कुछ हिस्सों को भी बफर जोन घोषित किया गया था। बफर जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी कारोबारी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। लोगों की आवाजाही भी प्रतिबंधित कर दी गई थी। बावजूद, कोरोना के गंभीर खतरे के बीच भी लोग बेवजह घर से बाहर निकलने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। गली - मुहल्लों में भी लोगों के झुंड नजर आ जाते हैं। लेकिन, अब ऐसे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती करना शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी आंद्रा वामसी के नेतृत्व में पंचकुइयां तिराहा, सराफा बाजार, गंदीगर का टपरा, बड़ाबाजार, सुभाष गंज, तालपुरा, ओरछा गेट, छनियापुरा, कसाई मंडी आदि क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की टीम ने पैदल भ्रमण किया। इस दौरान बगैर मास्क के नजर आने वाले तथा बेवजह सड़कों पर घूमने वाले लोग निशाने पर रहे। एक हजार वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल, सीओ सिटी संग्राम सिंह आदि समेत क्षेत्र के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।