झांसी। पहूंज नदी को पुनर्जीवित करने के लिए उसमें मिलने वाले नाले एवं नालियों को टैप किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने जल्द ही कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
विकास भवन में पहूंज नदी के सुदृढ़ीकरण, सौन्दर्यीकरण एवं संरक्षण को लेकर बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा नदी को पुनर्जीवित करने के लिए अभियान आरंभ करना होगा। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम, माताटीला बांध प्रखंड, बेतवा प्रखंड, जल संस्थान समेत अन्य विभागों को एक्शन प्लान बनाने के निर्देश दिए। पहूंज नदी का उद्गम स्थल तलाशने को ड्रोन कैमरे से सर्वे कराया जाएगा। नदी में लगातार पानी का प्रवाह बना रहे, इसकी भी व्यवस्था बनाई जाएगी। फ्लैचर से नदी साफ कराने को लेकर नगर आयुक्त को निर्देश दिए गए। नदी के आसपासके गांवोें में नेचुरल फार्मिंग को बढ़ावा देने की बात भी कही गई।
जिला कृषि अधिकारी केके सिंह ने जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। बुंदेलखंड किसान समृद्ध अभियान ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य अविनाश ने पहूंज नदी के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि पहूंज नदी जालौन में पहुंच कर पंचनदा में समाहित हो जाती है। बैठक में नगर आयुक्त अवनीश राय, उपाध्यक्ष जेडीए सर्वेश दीक्षित, डीएफओ वीके मिश्रा, डीडीओ उग्रसेन सिंह यादव, अधिशासी अभियंता बेतवा उमेश कुमार, कृष्ण गांधी, डा. एसआर गुप्ता समेत अन्य उपस्थित थे।