ईरान से चलकर पाकिस्तान और राजस्थान होते हुए तीन टिड्डी दल झांसी जिले में हमला बोल चुके हैं। पिछले एक पखवाड़े के भीतर यहां इन कीटों ने सब्जी के खेतों में खासा कहर बरपाया है। हालांकि, पिछले चार दिनों से कोई भी नया टिड्डी दल झांसी में दाखिल नहीं हुआ है, बावजूद किसान खौफ में है। हालांकि, हवाओं के परिवर्तित रुख की वजह से फिलहाल टिड्डियों के झांसी में आने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। झांसी के समीपवर्ती मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सोमवार को दो टिड्डी दलों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इनमें से एक दल अशोक नगर के पास है। जबकि, गुना में मौजूद एक दल सागर जिले के करीब है। उप कृषि निदेशक कमल कटियार ने बताया कि हवा के परिवर्तित रुख की वजह से झांसी में फिलहाल टिड्डियों के आने के संकेत नहीं है। कीटों की लोकेशन पर बराबर नजर रखी जा रही है। केंद्रीय दल भी पूरी जानकारी इकट्ठा कर रहा है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी और गुना जिले में इनकी उपस्थिति बनी हुई है। वहां इन कीटों पर रात में लगातार रसायन का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे इनकी संख्या में तेजी से कमी आई है।