कस्बा मड़ावरा निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर कुछ व्यापारियों पर कर्ज का पैसा हड़पने की नीयत से उसके पति की हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पंजाब नैशनल बैंक से सामने निवासी कलावती ने शिकायत पत्र में बताया कि ग्राम रजौला निवासी कुछ लोगों द्वारा दाल मिल बनवाने एवं गल्ला व्यापार करने के लिए उसके पति से 35 लाख रुपये कर्ज के रुप में उधार लिए थे। समय बीतने पर उसके पति ने पैसे वापस मांगे तो आजकल कहकर टालते रहे।
आरोप है कि पैसे हड़पने की नीयत से उसके पति को मारने की साजिश रची गई और 25 दिसंबर की रात आरोपियों ने पति को फोन कर अपने घर बुलाया और खाने में कुछ मिला दिया। रात 11 बजे पति वापस लौटे तो हालात खराब थी। वह उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने पति को झांसी रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान पति जगदीश साहू की मौत हो गई।
अब उसके द्वारा पैसे मांगने पर गाली- गलौज कर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।