- दो दिन पहले पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी कर लिया था बरामद
रानीपुर। पुलिस चौकी क्षेत्र के एक ग्राम से नाबालिग लड़की को फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक ग्राम निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह हरियाणा के पलवल में मेहनत मजबूरी करता है, कुछ दिन पहले अपने बच्चों को अपने पिता के साथ घर पर ही छोड़ गया था। बताया कि 17 नवंबर 2024 को उनकी 14 वर्षीय पुत्री सूट सिलाने की कहकर घर से रानीपुर के लिए निकली। मगर लौट कर नहीं आई। तब परिजन से उन्हें भी सूचना मिली। सूचना पाकर वह भी अपने ग्राम लौट आए तथा काफी जगह रिश्तेदारों में नाबालिग लड़की की खोजबीन की मगर पता नहीं चला। तब 2 दिसंबर वर्ष 24 में नाबालिग के पिता ने पुलिस को थाना एवं कस्बा कटेरा निवासी आरोपी कृष्णकांत उर्फ किशन पुत्र अशोक कोरी पर फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। नाबालिग के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत उर्फ किशन पुत्र अशोक कोरी निवासी कस्बा थाना कटेरा के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया। चौकी प्रभारी निखिल सिंह ने आरोपी की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की, मगर आरोपी पुलिस से आंख मिचौली खेलता रहा। 1 मार्च 25 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग के साथ रेलवे स्टेशन रानीपुर के समीप कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर चौकी प्रभारी निखिल सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर घेरा बंदी की मगर पुलिस की भनक लगते ही आरोपी भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी राधा स्वामी सत्संग आश्रम के समीप बम्हौरी सुहागी सड़क किनारे छुपा है। चौकी प्रभारी निखिल सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया तथा जेल भेज दिया।