झांसी। बुधवार रात थाना सदर बाजार क्षेत्र के झांसी- मऊरानीपुर मार्ग पर भगवंतपुरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर बाइक सवार युवक व युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां देर रात दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भी खबर पाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
जनपद जालौन के उरई के मोहल्ला नया रामनगर निवासी रवि कुमार के दोस्त बबलू के पिता रामपाल का 26 सितंबर को निधन हो गया था। बुधवार की शाम रवि कुमार अपने दोस्त बबलू के साथ अलग-अलग बाइकों से रिश्तेदारों के साथ रामपाल की अस्थियां विसर्जित करने ओरछा के लिए निकले। इस बीच चिरगांव थाना के बरल गांव में बबलू की बहन रजनी की ससुराल है। दोपहर को सभी लोग रजनी की ससुराल पहुंचे, यहां रजनी व उसकी बहन शिखा भी ओरछा जाने के लिए रवि के साथ बाइक पर सवार हो गईं।
ओरछा पहुंचकर अस्थियां विसर्जित करने के बाद शाम को सभी बाइकों पर सवार होकर झांसी की तरफ लौट रहे थे। रजनी व शिखा रवि के साथ बैठी थीं। रात को तीनों भगवंतपुरा के समीप पहुंचे तभी रास्ते में खड़े एक ट्रक से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां देर रात उपचार के दौरान रवि व रजनी ने दम तोड़ दिया। वहीं, शिखा की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया है कि रवि उरई में बीए का छात्र था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।