झांसी। बृहस्पतिवार रात दिगारा भगवंतपुरा राजमार्ग पर तेज रफ्तार भाग रहे ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा कर जाम खुलवाया। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है।
थाना बड़ागांव के शंकरगढ़ निवासी बादाम सिंह क्रशर पर काम करता था। गुरुवार शाम वे पत्नी नेहा के साथ खेत पर गए थे। रात में दोनों घर की तरफ आ रहे थे, तभी दिगारा भगवंतपुरा मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देकर चालक भाग निकला। खबर मिलते भी ग्रामीणों ने एकत्रित होकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव, सीओ सिटी संग्राम सिंह व कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।