कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े एसी चोर
झांसी। कोतवाली पुलिस ने रविवार को नारायण बाग तिराहे के पास से तीन बदमाशों को पकड़ा। तीनों के पास से चोरी का एसी आउटडोर और पंखा भी बरामद हुआ है।
16 व 17 अगस्त की रात कोतवाली के नारायण बाग स्थित नंदू कॉलोनी निवासी सचिन राज वर्मा के घर के बाहर लगा एसी का आउटडोर बदमाश चोरी कर ले गए थे। वहीं, नारायण नगर निवासी कृष्ण गोपाल साहू का बाड़े से पंखा चोरी चला गया था। जानकारी के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी थी। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे मेें बदमाश चोरी करते नजर आए थे। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को कोतवाली पुलिस ने नारायण बाग के पास से तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। इनकी निशानदेही पर एसी का आउटडोर व पंखा बरामद हुआ। कोतवाली लाकर की गई पूछताछ में तीनों ने अपने नाम थाना सकरार के अड़जार गांव निवासी हल्के रायकवार, थाना मऊरानीपुर स्थित कंजा गांव निवासी राजू व थाना प्रेमनगर के गड़िया गांव निवासी महेश प्रजापति बताए। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।