सरकारी आफिसों में फाइलों के घूमने का प्रचलन व उन्हें सहेजने का काम से मुक्ति दिलाने के लिए बुधवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग ए. बख्शी ने ई- आफिस प्रणाली का शुभारंभ किया। साथ ही 1076 के विषय में समीक्षा बैठक पैरामेडिकल कॉलेज में आयोजित हुई।
वीडियो कांफ्रेंस के जरिए उन्होंने ई-आफिस के संबंध में बताया कि 15 अगस्त के बाद से कार्यालयों में कागजों का काम शत-प्रतिशत बंद हो जाएगा। इससे पर्यावरण सुरक्षित होगा तथा फाइलों के गुम होने की संभावनाएं कम हो जाएंगी। कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ फाइलों को आसानी से ढूंढा जा सकेगा। उन्होंने ई-आफिस की उपयोगिता के साथ सावधानियां बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि पत्रावलियों का निस्तारण करने के उपरांत डिजिटल सिग्नेचर करना होगा।
डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग न हो सके, इसलिए उसे संभाल कर रखा जाए। उन्होंने जानकारी दी कि 22 विभागों की लभगग 176 सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। साथ ही 224 सेवाएं जनहित योजनाएं ऑनलाइन संचालित हैं। अब तक 14 करोड़ प्रमाण पत्र जारी हो चुके हैं।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 को और अधिक प्रभावशाली बनाने पर जोर दिया तथा एल- वन और एल- टू अधिकारियों के कार्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन में डिफाल्टर संदर्भों की समीक्षा होती है। ऐसे विभाग जिनकी डिफाल्टर संख्या अधिक है, समीक्षा के दौरान सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।। इस मौके पर अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर खाबरी, सीडीओ निखिल फुंडे, पीडी डा. आरके गौतम सहित जालौन व ललितपुर के अधिकारी मौजूद रहे।