केंद्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान के सी-ब्लॉक में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।
झांसी। शनिवार को केंद्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान के सी-ब्लॉक की झाड़ियों में आग लग गई। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग ज्यादा होने पर दूसरी गाड़ी को भी बुलाया गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया।
ग्वालियर मार्ग क्रॉसिंग से सटकर केंद्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान का सी-ब्लॉक बना हुआ है। यहां पर कुछ हिस्से में औषधियां लगाई गई हैं। जबकि, ज्यादातर जमीन पर झाड़ियां या पेड़ लगे हुए हैं। क्रॉसिंग के बगल वाले हिस्से से शनिवार को अचानक धुआं उठने लगा। गर्मी के चलते झाड़ियां, घास सूखी होने की वजह से आग तेजी से फैलने लगीं। आग की लपटें देखकर कर्मचारियों ने संस्थान के अधिकारियों को फोन कर इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने फोन कर फायर ब्रिगेड को आग की जानकारी दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंच गई। आग ज्यादा होने पर दूसरी गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।