आयो लाल, झूलेलाल के लगाए जयकारे
झांसी। पूज्य सिंधी पंचायत सीपरी के तत्वावधान में आयोजित भगवान झूलेलाल के चालीहा का सोमवार को विधिवत समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने झूलेलाल भगवान की वंदना की और विश्व शांति की कामना करते हुए अखंड ज्योति को ओरछा में पवित्र बेतवा नदी में विसर्जित किया। इससे पहले सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने युवाओं व बच्चों ने भाग लिया। इस मौके पर समाजसेवियोें को भी सम्मानित किया गया।
धार्मिक कार्यक्रम में वडोदरा से आई मुख्य अतिथि सेहरा वाले झूलेलाल साईं का श्रद्धालुओं ने पूज्य सिंधी पंचायत सीपरी भवन में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। टीकमगढ़ व मध्य प्रदेश से आई भजन मंडलियों ने भगवान झूलेलाल साईं की महिमा पर मधुर भजन सुनाए, जिन पर भक्तों ने भावविह्वल होकर नृत्य किया। इस मौके पर सेहरा वाले झूलेलाल साईं ने कहा कि भगवान झूलेलाल सत्य और प्रेम का संदेश देते हैं। उन्होंने मनुष्यों को जीव सेवा के लिए प्रेरित किया। आज संपूर्ण विश्व में भगवान झूलेलाल के अनुयायी हैं, जो मानवता एवं समानता का प्रचार कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने सिंधी पंचायत सीपरी के अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र लालवानी, सुरेश चंगानी, लक्ष्मण दास रमानी, लक्ष्मी नारायण चंगानी, विजय मंशारमानी, मनोहर मोटवानी, शालिनी गुरुबक्शानी, सावित्री लालवानी, सोनू राजपाल, विष्णु राजपाल, संतोष पुरुषवानी, किशन ख्यानी आदि को सम्मानित किया। इसके बाद आयो लाल, झूलेलाल के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति विसर्जन शोभायात्रा ओरछा के लिए निकाली। गाजे - बाजे के साथ मधुर भक्ति संगीत के बीच अखंड ज्योति ओरछा पहुंची, जहां विधिवत पूजा अर्चना के बाद उसका बेतवा नदी में विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में चना और हलुवा का प्रसाद वितरण भी किया गया। इस अवसर पर तेजभान चंगानी, गुलशन चंगानी, गोवर्धन लालवानी, मनोज लालवानी, राजेंद्र खत्री, गोपाल बुधरानी, हरीश चंदवानी, गिरधारी लाल, तीरथ राज आदि मौजूद रहे।
शहर में चालीहा अखंड ज्योति महोत्सव का समापन 27 को
पूज्य सिंधी पंचायत भवन शहर में आयोजित चालीहा अखंड ज्योति महोत्सव का समापन 27 अगस्त को होगा। इसमें झूलेलाल मंदिर सतना के संत भाऊ सामाणाराम का सत्संग होगा और संगीत मंडली भजन गाएगी। अध्यक्ष चंद्र प्रकाश नैनवानी ने बताया कि 26 को भगवान झूलेलाल का अभिषेक होगा।