अमर उजाला के नारी गरिमा के साझा संकल्प ‘अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स’ के तहत मंगलवार को आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विपरीत परिस्थितियों से निपटने के विभिन्न तरीके बताए गए। इस दौरान नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ भी ली गई।
संस्था भारत विकास परिषद मणिकर्णिका शाखा के सहयोग से दतिया गेट बाहर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज में आयोजित शिविर में प्रशिक्षक दीपक वर्मा ने कहा कि आत्मरक्षा के लिए पास में हथियार होना जरूरी नहीं है।
जरूरत तो सिर्फ हौसले की है। साथ ही जरूरी है आत्मरक्षा के ज्ञान की। विपरीत परिस्थितियों में हम अपने पास उपलब्ध दुपट्टा, पेन, पिन, मोबाइल फोन, चाबी जैसी चीजों से अपनी आत्मरक्षा करते हुए सामने वाले को कड़ा सबक सिखा सकते हैं। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को इन चीजों के इस्तेमाल के तरीके बताए गए। इस मौके पर संस्था की अध्यक्ष स्वप्निल मोदी, विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना सिंह, दीपमाला सिंह, ज्योति आदि उपस्थित रहीं।