महानगर में लॉकडाउन के दौरान व्यापार बंद कर आर्थिक नुकसान झेल रहे पटरी दुकानदारों को सरकार आत्मनिर्भर लोन देगी। ठेले और पटरी दुकानदारों को 10 हजार रुपये का लोन दिया जाएगा। बुधवार को नगर निगम में हुई बैठक में अधिकारियों ने ठेल और पटरी दुकानदारों के चिन्हांकन पर चर्चा की। नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार के निर्देश पर 10 हजार रुपये का लोन पटरी दुकानदारों को दिया जाना है। जिसमें अब तक 851 पटरी दुकानदारों का चिन्हांकन हो सका है। सर्वे कर रहीं टीमें लगातार पटरी दुकानदारों को चिन्हित कर आवेदन कराएं। इस दौरान पीओ डूडा संगीता सिंह ने बताया कि पटरी दुकानदार अपने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के साथ डूडा कार्यालय में पंजीकरण करा सकते हैं। एक साल से पहले लोन की राशि का भुगतान करने पर ब्याज सब्सिडी भी दी जाएगी। इस दौरान पथ विक्रेता समिति के विजित कपूर ने कहा कि पटरी दुकानदारों को भरण पोषण भत्ता के तौर पर तीन महीने तक एक हजार रुपये दिए जाने थे, लेकिन तमाम दुकानदारों को धनराशि मिली ही नहीं है। इस मौके पर एलडीएम अरुण कुमार समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।