अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बोर्ड परीक्षा से पहले परीक्षार्थी टेस्ट पेपर के जरिये खुद का इम्तिहान लें। तीन घंटे में टेस्ट पेपर को हल करें और खुद ही उसका मूल्यांकन करें, जो पार्ट कमजोर सामने आए, उस पर विशेष ध्यान दें। परीक्षार्थी सभी विषयों की तैयारी इसी तरह से करें। बोर्ड परीक्षा की तैयारी का यह बेहद आसान और सफल तरीका है। साथ ही इससे आपको लिखने की प्रैक्टिस का अंदाजा भी हो जाएगा। अमर उजाला की पहल पर यह सुझाव अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार सिंह ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे परीक्षार्थियों को दिए।
एडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वह परीक्षा से पहले मॉडल पेपर, प्रैक्टिस पेपर और टेस्ट सीरिज के जरिये अपने पाठ्यक्रम का रिवीजन करते थे। परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र हल करने का अपना मैनेजमेंट बना लेते थे। सबसे पहले वह प्रश्न हल करते थे, जिनके जवाब उन्हें अच्छे से आते थे। इसके बाद समय अन्य प्रश्नों को देते थे। बोर्ड परीक्षा में माइनस मार्किंग तो होती नहीं है, ऐसे में सभी प्रश्नों का जवाब लिखें। बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर देते समय विशेष ध्यान दें। अक्सर सही जवाब की जानकारी होने के बाद भी परीक्षार्थी गलत जवाब पर टिक कर आते हैं और बाद में उन्हें इसका पछतावा होता है। परीक्षा हॉल में परीक्षार्थियों के साथ यह मानवीय भूल अक्सर होती है।
इसके अलावा परीक्षार्थी अपने आप को बीमार कतई नहीं होने दें। जो भी चीज नुकसान करती है, परीक्षा के दौरान उसका कतई सेवन न करें। क्योंकि, खराब सेहत साल भर की मेहनत पर पानी फेर सकती है। हल्का खाना खाएं और नींद पूरी लें। साथ ही अपने मनोरंजन के लिए भी थोड़ा समय निकालें, इससे माइंड फ्रेश बना रहता है।
000000
फोटो
आलस से बचने के लिए भरपेट भोजन न करें परीक्षार्थी
वरिष्ठ फिजीशियन डा. राजीव जैन ने बताया कि परीक्षार्थी एक बार में भरपेट भोजन न करें, इससे आलस आता है। कई बार में थोड़ा-थोड़ा खाएं। जंक फूड तो कतई नहीं खाएं, इससे नींद आती है और पेट में भारीपन रहता है। रात में ज्यादा देर तक न जागें। नींद हर हाल में पूरी लें। नींद पूरी होने से दिमाग एकदम फ्रेश बना रहेगा, इससे कम समय में ज्यादा पढ़ लेंगे और जो पढ़ा है, वह याद भी बना रहेगा। मौसमी फल और तरल पदार्थ का सेवन करें। इन दिनों हल्का जाड़ा है, ऐसे में परीक्षार्थी गुनगुना पानी जरूरी पीएं।