मंगलवार को अमर उजाला की ओर से हम सबकी लाडो ‘अपूर्वी’ का ‘आशीषोत्सव’ मनाया गया, जिसमें महानगर के लोगों ने बढ़ - चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान सभी में बेटी को आशीर्वाद देने की होड़ सी लगी रही। लोगों ने उपहार भी खूब भेंट किए। इस अवसर पर दीपदान यज्ञ का आयोजन किया गया, वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अपूर्वी का अन्नप्राशन संस्कार भी हुआ। आयोजन में सभी उत्साहित नजर आए।
आयोजन स्थल आंतिया ताल स्थित गायत्री शक्ति पीठ पर सुबह से ही चहल-पहल नजर आने लगी थी। बाहर और अंदर का परिसर रंगबिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था। अपूर्वी को आशीर्वाद देने के लिए सभी का पहुंचना शुरू हो गया था। तय समय पर खातीबाबा स्थित सेंट ज्यूड फाउंडलिंग होम शिशु विहार से अपूर्वी सिस्टर नित्या व सिस्टर संजीता के साथ गायत्री शक्ति पीठ पहुंची। बालिका के पहुंचते ही उसकी एक झलक पाने के लिए लोगों में होड़ सी लग गई। जनप्रतिनिधि, प्रशासन व पुलिस के अफसर, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व जन सामान्य के लोग, सभी ने उसे खुशहाल जीवन का आशीर्वाद दिया।
इतना ही नहीं, कोई अपूर्वी के लिए कपड़े लेकर आया था, तो कोई खिलौने, लाड़ जताते हुए लोगों ने चांदी की पायलें तक भेंट की। बेटी की दीर्घायु की कामना के साथ किसी ने मंदिर में भोग लगाकर सभी में बांटा, तो किसी ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। बिटिया को किसी की नजर न लगे, इसके लिए महिलाएं न्योछावर करती नजर आईं। बेटी की दीर्घायु की कामना के साथ दीप यज्ञ का आयोजन हुआ। ‘बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देते हुए सभी ने बिटिया को गले से लगाया।
विधिवत हुआ अन्नप्राशन संस्कार
बेटी अपूर्वी का अन्नप्राशन संस्कार वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ। गायत्री शक्ति पीठ के ट्रस्टी हरिकृष्ण पुरोहित की देखरेख में राजेंद्र द्विवेदी ने मंत्रोच्चारण किया और युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सोनी जीतू व प्रदीप त्रिपाठी ने चांदी की कटोरी में लाया गया शहद चांदी के चम्मच से अपूर्वी को चटाया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सूर्या कुशवाहा, संजीव खरे, राजेश मालवीय, पंकज भारद्वाज, दीप साहू, रंजना सक्सेना आदि विशेष सहयोगी की भूमिका में रहीं।
अपूर्वी के साथ मनाई शादी की सालगिरह
भारत विकास परिषद रानी झांसी के उपाध्यक्ष अवधेश गहोई और वर्षा गुप्ता की मंगलवार को शादी की 17वीं सालगिरह थी। दंपती ने अपनी इस खुशी को अपूर्वी के साथ साझा किया। अपने पारिवारिक मित्रों के साथ पहुंचे गहोई दंपती ने अपूर्वी को तमाम उपहार भेंट किए। साथ ही, मंदिर परिसर की साज सज्जा कराई। इस अवसर पर उनके साथ आलोक गर्ग, दीपक वार्ष्णेय, अमन गर्ग, सुभाष त्रिपाठी, मनोज अग्रवाल, द्वारकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
उपहार लेकर पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
अपूर्वी के आशीषोत्सव में जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह की अगुवाई में बाल विकास परियोजना शहर की स्वस्थ भारत प्रेरक कृति जैन, सुपरवाइजर मंजू तिवारी, मंजू अग्रवाल व मीना सुडेले तथा कार्यकत्री किशोरी अग्रवाल, गायत्री आदि पहुंचीं। उन्होंने अपूर्वी को तमाम उपहार भेंट किए। इस दौरान सभी खुश नजर आईं।
ये रहे मौजूद
अपूर्वी के आशीषोत्सव में नगर निगम के उप सभापति अनिल सोनी, पार्षद उमेश जोशी, पूर्व जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव शर्मा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, कांग्रेस नेता राहुल रिछारिया, बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय, रघुराज शर्मा, आंतिया ताल व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, शकील खान, स्वप्निल अग्रवाल, भगिनी मंडल महिला सहायक संघ की डॉ.नीति शास्त्री, डॉ.एसके साहू, कलचुरी कलवार समाज के अध्यक्ष अजीत राय, रामेश्वर राय, रामकुमार शिवहरे, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष रवीश त्रिपाठी, महिला उद्योग व्यापार मंडल की कंचन आहूजा, रजनी गुप्ता, साहू क्लब के राजेश साहू, कोहिनूर आलवेज ब्राइट संस्था की अध्यक्ष वैशाली पुंशी, भाजपा नेत्री नीता अवस्थी, पवन यादव सिमरधा, सुदर्शन शिवहरे, व्यापारी नेता पंकज शुक्ला, मनीष रावत, समर्पित संस्था से ममता शर्मा, अभिषेक साहू, किशन सोनी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी नेता दिनेश भार्गव ने किया।