झांसी। जिले के 45 हजार अंत्योदय कार्डधारकों को बुधवार से चीनी का वितरण किया जाएगा। सरकार ने तीन साल बाद फिर से चीनी वितरण की व्यवस्था शुरू की है। इसे लेकर पूर्ति विभाग ने सभी राशन दुकानों पर चीनी का आवंटन कर दिया है।
सरकार ने साल 2017 से राशन दुकानों पर चीनी का वितरण बंद कर दिया था। अब कोरोना संक्रमण के दौर में सरकार ने फिर से चीनी का वितरण शुरू करने की पहल की है। जिले के 45 हजार अंत्योदय कार्डधारकों को बुधवार से तीन किलो प्रति कार्ड चीनी का वितरण किया जाएगा। इसके लिए कार्डधारकों को 18 रुपये प्रतिकिलो की दर से भुगतान करना होगा। जिला पूर्ति अधिकारी तीर्थ राज यादव ने बताया कि 21 से 30 अक्टूबर 2020 तक अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट तीन किग्रा. गेहूं, दो किग्रा. चावल और प्रतिकार्ड एक किग्रा. चना के साथ प्रत्येक अंत्योदय राशन कार्ड पर तीन माह की चीनी का वितरण एक साथ 3 किग्रा. प्रति कार्ड की दर से कोटे की दुकानों से किया जाएगा। अंत्योदय राशन कार्ड धारक अपनी मूल दुकान से ही चीनी प्राप्त कर सकते हैं। पोर्टेबिलिटी के माध्यम से चीनी का वितरण नहीं किया जाएगा। इसके लिए कार्डधारकों को 18 रुपये प्रतिकिलो ग्राम की दर से भुगतान करना होगा।