संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ढिकौली गांव में बृहस्पतिवार सुबह 25 वर्षीय युवक रघुवीर अहिरवार राजघाट नहर में बह गया। वह यहां बुआ की तेरहवीं में शामिल होने आया था। सूचना पर पहुंची रक्सा पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी मगर देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांधीनगर में रहने वाले रघुवीर अहिरवार की बुआ अंगूरी देवी रक्सा के ढिकौली गांव में रहती थी। बुआ की मौत के बाद रघुवीर तेरहवीं में शामिल होने के लिए ढिकौली गांव आया था। बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे वह बाइक लेकर नहर के पास गया। नहर के किनारे बाइक खड़ीकर वह शौच के लिए गया। वह नहर में उतरा और पैर फिसलने से नहर में गिर गया। इससे वह तेज बहाव में बह गया। काफी देर तक रघुवीर के घर न लौटने पर बुआ का लड़का बलराम अन्य लोगों के साथ नहर किनारे पहुंचा तो वहां रघुवीर की बाइक खड़ी देख आसपास खोजबीन की। नहर के किनारे फिसलने के निशान मिले। बलराम ने बताया कि रघुवीर का मोबाइल भी बंद मिला। उसने तत्काल इसकी सूचना रक्सा पुलिस को दी। रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नहर में रघुवीर की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इधर, रघुवीर के पानी में बहने की सूचना पर उसके पिता छोटेलाल अहिरवार भी मौके पर पहुंच गए।
रक्सा थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि नहर में युवक के बहने की सूचना मिली है। फायर बिग्रेड की टीम के अलावा गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की गई लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका है। नहर को बंद कराया गया है। युवक की तलाश की जा रही है।
तेरहवीं के बाद पत्नी को मायके ले जाने वाला था रघुवीर
रघुवीर के पिता छोटेलाल अहिरवार ने बताया कि रघुवीर मजदूरी व खेती करता है। दो साल पहले उसकी शादी जनौली गांव की निशा के साथ हुई थी। रघुवीर का एक साल का बेटा गाेलूू है। रघुवीर की मां का निधन 25 साल हो चुका है। वह परिवार में छोटा बेटा है। उसका भाई राघवेंद्र है। पिता ने बताया कि रघुवीर तेरहवीं के बाद अपनी पत्नी निशा को उसके मायके जनौली से लेने जाने वाला था।