झांसी। बबीना थाना क्षेत्र के बेदौरा गांव निवासी गजराज राजपूत (42) की बबीना कैंट इलाके में विद्युत केबल बिछाने के दौरान केबल के बंडल के नीचे दब जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नाजुक हाल में मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी मौत हो गई।
बेदौरा निवासी गजराज मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। परिवार में पत्नी रेखा समेत छह बेटियां हैं। दो बेटी शिवानी एवं साक्षी की उसने शादी कर दी जबकि राधा, खुशी, अंशिका एवं राधिका अभी घर में रहकर पढ़ती हैं। परिजनों ने बताया कि सुबह 8:30 बजे बबीना कैंट में बिछाई जा रही विद्युत केबल का काम करने गए थे। सुबह लगभग 11 बजे, जब कई मजदूर एक विद्युत केबल बंडल को चैनल के जरिए ट्रॉली पर रख रहे थे, तभी अचानक बंडल फिसल गया। गजराज बंडल के नीचे आ गया। बंडल उसकी गर्दन व सिर से होते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। थाना प्रभारी राहुल सिंह राठौर के मुताबिक घायल अवस्था में उसे मेडिकल अस्पताल पहुंचाया था, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।