झांसी। लगातार हो रही दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। पिता ने ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
उनाव बालाजी, दतिया निवासी मनोहर वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पुत्री वर्षा का विवाह थाना प्रेमनगर के राजीव नगर निवासी देवेंद्र वर्मा के साथ किया था। पिता मनोहर के मुताबिक विवाह उसने अपनी क्षमता के मुताबिक किया। रीति-रिवाज के मुताबिक सभी रस्म पूरी की। शुरुआत में सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन, कुछ समय पहले से ससुराल पक्ष से दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जाने लगी। इस मांग के पूरा न होने पर वर्षा को परेशान किया जाने लगा। काफी समय तक वर्षा इसे सहती रही लेकिन, बात जब हद से गुजर गई तब उसने पिता को यह बात बताई। पिता मनोहर भी ससुराल गए और समझाने-बुझाने की कोशिश की। इसके कुछ दिनों तक मामला ठंडा रहा लेकिन, दहेज में रकम लाने के लिए वर्षा का उत्पीड़न फिर शुरू कर दिया गया।
तीन नवंबर को शाम करीब पांच बजे जब घर के लोग बाहर गए थे, उसी दौरान वर्षा ने फांसी लगा ली। उसकी मौत की सूचना मिलने पर पिता मनोहर रोते-बिलखते उसकी ससुराल पहुंचे लेकिन, वहां उन्हें कोई कुछ नहीं बता रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंची लेकिन, पिता की तहरीर मिलने के बावजूद प्रेमनगर पुलिस मामला लगातार टालती रही। वरिष्ठ अफसरों तक मामला पहुंचने पर आखिरकार पुलिस को मामला दर्ज करना पड़ा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुनीता वर्मा समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दहेज उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद प्रेमनगर पुलिस अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इंस्पेक्टर प्रेमनगर के मुताबिक व्यस्तता के चलते गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।