बड़ागांव (झांसी)। थाना बड़ागांव के ग्राम दौन में विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास एवं ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टहरौली थानांर्तगत ग्राम रमपुरा निवासी सतीश अहिरवार ने अपनी पुत्री निर्जला (22) का विवाह पिछले वर्ष सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान बड़ागांव निवासी अर्जुन पुत्र रज्जन अहिरवार से किया था। पिता सतीश के मुताबिक अर्जुन अकसर निर्जला से छोटी- छोटी बात पर लड़ता था। इस दौरान कई बार उसने निर्जला की पिटाई की। आरोप है कि दहेज में मोटरसाइकिल की मांग को लेकर निर्जला के साथ मारपीट की जाती थी। मारपीट व उत्पीड़न से तंग आकर निर्जला ने सोमवार की शाम विषाक्त का सेवन कर लिया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां निर्जला की मौत हो गई। मौत की खबर मिलने पर बड़ागांव पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्र्टम के लिए भेज दिया।
उधर, मायके पक्ष के लोग बड़ागांव थाने पहुंचे। वहां उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने पति अर्जुन, सास राजकुमारी एवं ससुर रज्जन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।