अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रेमनगर के हंसारी में तनाव में आकर विवाहिता ने फंदे से लटककर जान दे दी। शनिवार सुबह उसका शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हंसारी निवासी गयाश्री (55) पत्नी जगरूप सिंह काफी समय से बीमार थीं। इस वजह से वह तनाव में रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात उन्होंने साथ में खाना खाया। इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गईं। शनिवार सुबह बहू खुशबू जब उनके कमरे में पहुंची तब उनका शव साड़ी के फंदे से लटका था। यह देखकर बहू की चीख निकल गई। बेटा राहुल भी आ गया। घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के लोग भी आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों के मुताबिक आठ साल पहले उनके पति की मौत हो चुकी। प्रेमनगर थाना प्रभारी शिवकुमार राठौर के मुताबिक बीमारी की वजह से गयाश्री परेशान रहती थी। इसी वजह से उन्होंने खुदकुशी की। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।