अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शिवपुरी निवासी सेना से रिटायर्ड सैन्य कर्मी केपी कुशवाहा की सबसे बड़ी बेटी वैष्णवी (13) की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर पिछोर में डॉक्टरों के पास पहुंचे, लेकिन डॉक्टर सर्पदंश की बात नहीं भांप सके। उसे उन्होंने झांसी मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराने पर बच्ची के सर्पदंश का शिकार होने की बात पता चली।
मूल रूप से शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के पिछोर निवासी केपी कुशवाहा पत्नी सुधा समेत एक बेटी एवं दो बेटों के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया रविवार को उनकी बड़ी बेटी वैष्णवी (13) का जन्मदिन था। वह सरस्वती विद्या शिशु मंदिर में 8वीं की छात्रा थी। उसके जन्मदिन पर घर में पार्टी रखी गई थी। शाम को दूसरे बच्चों के साथ उसने पार्टी की। घर में केक काटा गया। खाना खाने के बाद वह लोग सोने चली गई। सोमवार सुबह करीब पांच बजे वैष्णवी ने सीने में दर्द होने के साथ सांस लेने एवं पानी पीने में परेशानी होने की बात बताई। परिजनों ने उसे पिछोर में डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन वह कुछ समझ नहीं सके। उन्होंने बच्ची को झांसी के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को उसके मौत की वजह मालूम नहीं चल सकी। इस वजह से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में उसके पांव के अंगूठे में सर्पदंश के निशान मिले। जहरीले सांप ने पैर के अंगूठे में डसा था, लेकिन यह निशान कोई नहीं देख सका। पिछोर में भी डॉक्टर यह नहीं समझ सके। उसकी मौत से परिवार में रोना-पिटना मचा है।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।