झांसी। पुष्पक एक्सप्रेस में सवार होकर कानपुर से मुंबई जा रही एक 14 वर्षीय किशोरी को जीआरपी ने ललितपुर स्टेशन पर बरामद कर लिया। परिजनों ने बालिका के अपहरण होने की शिकायत पुलिस से की थी। पूछताछ में पता लगा कि परिजनों से नाराज होकर वह घर से निकल आई थी। परिजनों के झांसी आने पर उसे सौंप दिया गया।
जीआरपी को मंगलवार की रात कानपुर के गोविंद नगर सीओ ने मोबाइल पर सूचना दी कि नौबस्ता की एक किशोरी का अपहरण घर से ही कर लिया गया है। किशोरी के लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में होने पर शक जताया। व्हाट्सएप पर उसकी तस्वीर भेज दी गई। इस पर जीआरपी सक्रिय हो गई। उस वक्त पुष्पक एक्सप्रेस बबीना और ललितपुर स्टेशन के बीच दौड़ रही थी। ट्रेन के ललितपुर स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रेन के एक कोच में एक किशोरी अकेली बैठी मिली। वह मुंह पर दुपट्टा बांधे थी। दुपट्टा खुलवाने पर उसकी पहचान व्हाट्सएप पर दी तस्वीर से हो गई। बाद में किशोरी को ट्रेन से उतारकर झांसी की तरफ आ रही डाउन पुष्पक
एक्सप्रेस से उसे झांसी लाया गया। पूछताछ में बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर घर से आ गई थी। झांसी प्रभारी निरीक्षक अंजना वर्मा ने किशोरी के मिलने की सूचना परिजनों को दी। बुधवार की सुबह कानपुर पुलिस के साथ परिजन झांसी आ गए। बाद में किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।