नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों से वार्ड के पार्का
झांसी। महानगर के बदहाल पार्कों की स्थिति जल्द सुधरेगी। अमर उजाला के अभियान के बाद शनिवार को महापौर बिहारी लाल आर्य ने नगर निगम में अधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी वार्डों के पार्कों का सर्वे कराकर उनमें मौजूद खामियों को चिह्नित करने, एस्टीमेट तैयार करने और जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
झांसी के कई पार्क लंबे समय से बदहाली का सामना कर रहे हैं। अमर उजाला ने 24 अक्तूबर से ‘पार्क पर बदहाली का पहरा’ अभियान शुरू किया था। इसके तहत पंचतंत्र पार्क, गुलाम गौस खां पार्क, कांशीराम पार्क, अटल एकता पार्क, चित्रगुप्त पार्क और गजानन पार्क समेत कई पार्कों की स्थिति को लेकर सिलसिलेवार खबरें प्रकाशित की गईं। कहीं बच्चों के झूले टूटे मिले तो कहीं फाउंटेन, स्ट्रीट लाइट और ओपन जिम के उपकरण खराब मिले। कई पार्कों में माली और सुरक्षा गार्ड तक तैनात नहीं हैं। साफ-सफाई, शौचालय और बाउंड्रीवाल की स्थिति भी बदहाल मिली।
अमर उजाला की खबरों का महापौर बिहारी लाल आर्य ने संज्ञान लिया और शनिवार को नगर निगम में अधिकारियों व पार्षदों की बैठक बुलाई। इसमें पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों के पार्कों की समस्याएं रखीं। महापौर ने अभियान के तहत प्रकाशित खबरों का हवाला देते हुए महानगर के सभी वार्डों में पार्कों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे जल्द पूरा कर पार्कों की कमियों को चिह्नित किया जाए। इसके बाद एस्टीमेट तैयार कराकर सुधार कार्य शुरू कराए जाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्कों को जल्द सुव्यवस्थित कराया जाएगा। बैठक में पार्षद अमित राय, सत्यम यादव, राहुल तिवारी, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, राजकुमार भद्रसेन आदि मौजूद रहे।